महेंद्रगढ़ पुलिस ने चीकू गैंग से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नीरज उर्फ कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से दो देसी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम को गश्त के दौरान आरोपी के सेका फ्लाईओवर के नीचे मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके काले बैग से हथियार और कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। जांच में उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट समेत सात मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। वह सदर महेंद्रगढ़ थाने के एक मारपीट मामले में करीब तीन साल से वांछित था। राजस्थान में दर्ज हत्या के एक मामले में भी उसे भगोड़ा बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
Source: Source