पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और मौजूदा अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) अनुराग वर्मा बुधवार को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश हुए। ईडी ने उन्हें सनटेक सिटी मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। इससे पहले उन्हें दो बार पेश होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए उन्होंने समय मांगा था। यह मामला मोहाली की सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। ईडी कथित वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की जांच कर रही है। जांच के दौरान जमीन के उपयोग में बदलाव यानी CLU और कथित अवैध लेआउट से जुड़े मामलों पर भी फोकस है। ईडी यह पता लगा रही है कि क्या निजी बिल्डरों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी की गई थी। जिन अनियमितताओं की जांच हो रही है, उस दौरान अनुराग वर्मा हाउसिंग एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख थे। ईडी इसी अवधि में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है। इसी मामले में IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ भी दो बार ईडी के सामने पेश हो चुकी हैं। सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स से जुड़े मामलों में वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप सामने आए थे। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि पंजाब रीजनल एंड टाउन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्ट की धारा 90 के तहत कार्रवाई की जगह धारा 85 के तहत कार्रवाई क्यों की गई। आरोप है कि इस प्रक्रिया से बिल्डर को राहत मिली।
Source: Source