छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों के गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग में बड़ी राहत मिली है। अब ग्रामीण उपभोक्ता भी शहरी क्षेत्रों की तरह 25 दिन में नया गैस सिलेंडर बुक करा सकेंगे। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में दो सिलेंडर बुकिंग के बीच 45 दिन का अंतर निर्धारित था। नए नियम से रायपुर जिले समेत प्रदेश के ग्रामीण उपभोक्ताओं को फायदा होगा। रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों गैस उपभोक्ता हैं। यहां रोजाना करीब दो से तीन हजार सिलेंडरों की बुकिंग होती है। 45 दिन की अवधि के कारण अधिक गैस खपत वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बड़े परिवारों और शादी-समारोह वाले घरों में सिलेंडर की जरूरत अधिक होने से समस्या बढ़ जाती थी। अब 25 दिन में बुकिंग की अनुमति मिलने से ऐसे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। पहले सिलेंडर लेने के 45 दिन बाद ही ग्रामीण उपभोक्ता अगली बुकिंग कर सकते थे। गैस आपूर्ति में कमी की आशंका के बीच तेल कंपनियों ने यह पाबंदी लागू की थी। उस समय अमेरिका-ईरान युद्ध की स्थिति को लेकर गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बुकिंग की अवधि घटाकर 25 दिन कर दी गई है। इससे ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच बुकिंग नियमों का अंतर कम हो गया है। नए नियम से ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर की उपलब्धता और बुकिंग प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है।
Source: Source