गुरुग्राम से फरीदाबाद जा रही सवारियों से भरी एक निजी बस अचानक बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार बस सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद बस वहां लगे भारी बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। ग्वाल पहाड़ी के पास हुए हादसे में कई यात्री सहम गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस पलटने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल या मौत की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बस और बिजली के खंभे को हटवाया। बिजली के तारों से खतरे को देखते हुए बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। बस हटाने के दौरान गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अन्य वाहनों की व्यवस्था की।
Source: Source