पोलमी समेत कुकदुर क्षेत्र के आसपास के गांवों में रक्षाबंधन पर सुबह से त्योहार की रौनक रही। पोलमी, भेड़ागढ़, डालामौहा और माठपुर सहित कई गांवों में भाई-बहनों ने उत्साह से पर्व मनाया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की राखी बांधी। राखी के धागों के साथ बचपन की यादें और रिश्ते की गर्माहट भी नजर आई। बहनों ने भाइयों के साथ हमेशा खड़े रहने का भरोसा जताया। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक रीति-रिवाजों की खास झलक देखने को मिली। बहनें सज-संवरकर भाइयों के घर राखी बांधने पहुंचीं। कई भाई भी बहनों के घर जाकर राखी बंधवाने पहुंचे। घर-आंगन में पूजा की थाली सजाई गई। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी। इसके बाद भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि की कामना की। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की प्रार्थना भी की।
Source: Source