सूरजपुर जिले के तमोर जजावल अभयारण्य में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान पुतकी जजावल निवासी 40 वर्षीय करमचंद के रूप में हुई है। करमचंद 27 अगस्त से घर से बिना बताए लापता था। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की थी। 29 अगस्त को उसका शव बालम पहाड़ के घने जंगल में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी मौत हाथी के हमले में हुई। शव मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण शव को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को जंगल से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। वन विभाग घटना की परिस्थितियों और क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की भी जांच कर रहा है।
Source: Source