अंबिकापुर में खराब सड़कों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। बारिश से पहले सड़कों की ठोस मरम्मत नहीं होने से शहरवासियों को परेशानी हो रही है। शहर और आसपास की कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से कई गड्ढे कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। इन सड़कों से रोजाना सैकड़ों लोगों को परेशानी के बीच गुजरना पड़ रहा है। रविवार शाम अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ अपना विरोध जताया। उन्होंने कीचड़ से भरे गड्ढे में प्रसिद्ध लोकगीत ‘हाय रे सरगुजा नाचे’ पर डांस किया। प्रदर्शन का वीडियो भी चर्चा में है। कार्यकर्ताओं ने सड़क की बदहाली को लेकर व्यंग्यात्मक तरीके से अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि जब नेता मस्त हैं तो वे भी मस्त होकर विरोध करेंगे। उन्होंने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई।
Source: Source