पानीपत के समालखा में जीटी रोड पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हल्दाना बॉर्डर पुलिस चौकी के सामने सफारी कार और पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे में सफारी चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में सफारी चालक सुधीर, उसका साथी और पिकअप चालक मुकेश शामिल हैं। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल समालखा पहुंचाया गया। किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आने की जानकारी है। पुलिस के अनुसार सफारी कार दिल्ली से पानीपत की ओर जा रही थी। बताया गया कि सफारी ने पिकअप को पीछे से टक्कर मारी। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर लगा जाम भी जल्द ही सुचारु कर दिया गया।
Source: Source