बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से दो बैग में 21.058 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर पर ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी की। तलाशी के दौरान दोनों बैग से गांजे के 10 पैकेट मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संगीता मिश्रा और सुशील मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर गांजे का कुल वजन 21.058 किलो पाया गया। जीआरपी ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस से गांजा लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। पुलिस अब गांजे के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
Source: Source