पठानकोट के सिविल अस्पताल में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) यूनियन के 200 से अधिक कर्मचारी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान सरकार के गठन को करीब साढ़े चार साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इस दौरान सरकार और उच्चाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें हुईं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला और स्थायी समाधान नहीं निकला। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने कोरोना काल से लेकर अब तक स्वास्थ्य विभाग में लगातार सेवाएं दी हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों ने लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने और सुरक्षित भविष्य के लिए स्पष्ट व स्थायी नीति बनाने की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द लिखित और ठोस फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source: Source