हरियाणा के करनाल में हर्ष एनकाउंटर मामले की जांच अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। यह फैसला मामले की निष्पक्ष जांच की मांग के बाद लिया गया है। बीरु वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हुई पुलिस मुठभेड़ में करनाल के हर्ष और कैथल के बीरबल की मौत हुई थी। मुठभेड़ के बाद कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। 13 अगस्त को एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया था। अब जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारी को सौंपकर सरकार ने अपने आश्वासन पर कदम बढ़ाया है। डीजीपी अजय सिंघल के आदेश पर संबंधित अधिकारियों से मामले की पूरी फाइल और रिकॉर्ड जुटाए जाएंगे। करनाल पुलिस से केस से जुड़े दस्तावेज स्टेट क्राइम ब्रांच द्वारा नियुक्त अधिकारी को सौंपे जाएंगे। जांच में मुठभेड़ की परिस्थितियों, पुलिस कार्रवाई और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। इस बीच रोड समाज ने 24 अगस्त को करनाल में प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन जांच के आदेश के बाद आगे की स्थिति पर नजर है।
Source: Source