धर्मशाला से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस के सामने पेश हुए। मंगलवार को धर्मशाला स्थित विजिलेंस थाने में उनसे करीब दो घंटे पूछताछ की गई। पूछताछ सुबह करीब 11:50 बजे शुरू हुई और दोपहर 1:50 बजे तक चली। बाहर निकलने के बाद शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसी के पास मामले से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं थी। पूछताछ में पैतृक भूमि से संबंधित दो रजिस्ट्रियों का जिक्र किए जाने की बात भी उन्होंने कही। शर्मा के अनुसार उनके परिवार की ऐसी कुल 14 रजिस्ट्रियां हैं और शेष दस्तावेज भी जांच एजेंसी को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान दाखिल किए गए उनके हलफनामे सार्वजनिक हैं। उन्होंने जमीन, शेयर, डीमैट खातों और बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध होने का दावा किया। विजिलेंस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शर्मा ने मामले की जांच की टाइमलाइन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने क्या कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि केवल मकान की पैमाइश या दबाव की राजनीति से कुछ हासिल नहीं होगा। शर्मा ने जांच का कानूनी रूप से सामना करने और आगामी विधानसभा सत्र में सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर घेरने की बात कही।
Source: Source