रक्षाबंधन से पहले बिलासपुर में खाद्य-औषधि प्रशासन ने मिठाई और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी है। विभाग ने ‘बने खाबो बने रहिबो’ अभियान के तहत कई दुकानों पर कार्रवाई की। व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में जांच के दौरान बर्फी के लेबल में मानकों का उल्लंघन मिला। इसके बाद 23 कार्टन में रखी करीब 102 किलो बर्फी को सीज कर दिया गया। विभाग ने बर्फी का सैंपल जांच के लिए भेजा है। अधिकारियों के अनुसार, बर्फी की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल पाए गए। शनिचरी बाजार स्थित गुरु कृपा ट्रेडर्स में भी खाद्य सामग्री की जांच की गई। वहां मद्रास स्पेशल खस्ता मिठाई का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया। लेबल में कमी मिलने पर दुकान के खिलाफ मिथ्याछाप का प्रकरण बनाया गया। खाद्य विभाग के अनुसार, नकली पनीर पर प्रतिबंध के बाद लगातार कार्रवाई की जा रही है। रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई, पनीर, खोवा और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच बढ़ाई गई है। सात दिवसीय अभियान के दौरान मिठाई विक्रेताओं के साथ निर्माण इकाइयों की भी जांच होगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।
Source: Source