सूरजपुर जिले के करंजी चौकी क्षेत्र में दो दिन से लापता 37 वर्षीय युवक का शव कुएं से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान करंजी निवासी शुबस यादव के रूप में हुई है। वह 15 अगस्त की शाम से लापता था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मंगलवार को घर के पास स्थित कुएं में शव दिखाई देने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पुष्टि होने के बाद उसे बाहर निकालने के लिए डीडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला। शव मिलने की खबर के बाद मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई। फिलहाल युवक की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हुई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह कुएं में कैसे पहुंचा। दुर्घटना या किसी अन्य कारण से मौत की आशंका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
Source: Source