पंजाब में कथित बीज घोटाले की CBI जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर हुई है। याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने पंजाब सरकार समेत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सभी पक्षों से मामले में जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी। याचिका होशियारपुर निवासी मंजीत सिंह और किसान नेता चरणजीत सिंह भुल्लर ने दाखिल की है। याचिकाकर्ताओं ने बीज वितरण में बड़े स्तर पर कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है। खास तौर पर मक्की के बीज की खरीद और वितरण में फर्जी बिलिंग का दावा किया गया है। आरोप है कि कई किसानों को बीज दिए बिना सरकारी रिकॉर्ड में वितरण दर्ज कर दिया गया। याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, खरीद और वितरण से जुड़े दस्तावेजों में भी कथित फर्जीवाड़ा हुआ। उन्होंने इस प्रक्रिया में करोड़ों रुपये की कथित गड़बड़ी होने का दावा किया है। याचिकाकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने पंजाब विजिलेंस विभाग में भी शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट से मामले की जांच CBI से कराने की मांग की। अदालत ने फिलहाल कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है और सरकार के जवाब के बाद आगे की सुनवाई होगी।
Source: Source