महेंद्रगढ़ पुलिस ने पशु क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से 44 भेड़-बकरियां बरामद की हैं। बरामद पशुओं में 35 भेड़ और 9 बकरियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी पशुओं को वाहन में बेहद तंग और अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। सदर थाना महेंद्रगढ़ पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस को 12 अगस्त की शाम गश्त के दौरान पशुओं को अवैध तरीके से ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 152-डी हाईवे पर सूरजनवास के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर उसके पिछले हिस्से में बड़ी संख्या में पशु मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को वाहन से नीचे उतारकर उनकी गिनती की। पूछताछ में चालक की पहचान राजस्थान के जयपुर ग्रामीण निवासी राहुल के रूप में हुई। उसके साथी की पहचान सीकर जिले के नरेश कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने पिकअप और सभी पशुओं को कब्जे में लेकर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच एएसआई बलजीत सिंह को सौंपी गई है।
Source: Source