रायपुर में आज 10 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 11 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होगी। इसका समापन सुभाष स्टेडियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव समेत भाजपा के जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शहरवासियों के भी बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है। यात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर व्यवस्था बदली है। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक यात्रा मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। यात्रा इंडोर स्टेडियम से गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस और नगर निगम भवन के सामने से होकर गुजरेगी। इसके बाद महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। प्रतिभागियों के वाहनों के लिए बूढ़ा तालाब गार्डन और इंडोर स्टेडियम के पीछे मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बूढ़ा तालाब परिक्रमा पथ और महाराजबंद तालाब की ओर भी पार्किंग उपलब्ध रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से प्रभावित मार्गों से बचने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। लोगों से पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और घर से निकलने से पहले मार्ग की स्थिति जांचने को कहा गया है।
Source: Source