जींद जिले के नरवाना के मोर पत्ती गांव के दो कांवड़ियों का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। सचिन और काला की गुरुवार देर रात यमुनानगर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दोनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। हादसा तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के कारण हुआ, जिसमें दोनों की मौके पर ही जान चली गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह दोनों के शव गांव लाए गए। शव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। अंतिम यात्रा में स्थानीय लोगों ने नम आंखों से दोनों को विदाई दी। मृतक सचिन अपने पिता शमशेर का इकलौता बेटा था और उसकी शादी अप्रैल 2026 में तय थी। काला नरेश का बेटा था और अविवाहित था। इस हादसे के बाद मोर पत्ती गांव और नरवाना क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Source: Source