हरियाणा के नारनौल में नशामुक्ति अभियान को बढ़ावा देने के लिए हाफ मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 अगस्त को इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे नूनी शेखपुरा मोड़ से होगी। इसमें 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। विधायक कंवर सिंह यादव ने लोगों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सही दिशा देना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। सरकार हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। विधायक ने बताया कि महेंद्रगढ़ शहर में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 17 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग 148बी के सौंदर्यीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण योजनाओं पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है। बेसहारा पशुओं के समाधान के लिए भोजावास में 200 एकड़ भूमि पर गो अभ्यारण केंद्र बनाने की योजना भी बताई गई है।
Source: Source