पंजाब विधानसभा सत्र में जालंधर के स्थानीय मुद्दों को विधायकों ने प्रमुखता से उठाया। जालंधर नॉर्थ के विधायक बावा हेनरी ने साई दास स्कूल में शिक्षकों की कमी का मुद्दा रखा। उन्होंने बताया कि स्कूल में अब केवल करीब पांच शिक्षक रह गए हैं। उन्होंने सरकार से नए शिक्षकों की भर्ती और स्कूल के विकास की मांग की। बावा हेनरी ने कहा कि इस स्कूल से 97 विद्यार्थी IAS और PCS अधिकारी बन चुके हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री से स्कूल की स्थिति सुधारने की अपील की। जालंधर कैंट विधायक परगट सिंह ने कैंट पेराफेरी रोड का मुद्दा विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि कैंट क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को सुरक्षा जांच के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से सेना के साथ बातचीत कर रोड का लंबित काम पूरा कराने की मांग की। परगट सिंह ने कहा कि सड़क शुरू होने से लोगों की आवाजाही की समस्या कम होगी।
Source: Source