जींद जिले के नरवाना में दिल्ली-पटियाला हाईवे पर तीन वाहनों की टक्कर का मामला सामने आया है। हादसा सिरसा ब्रांच नहर पुल के पास सोमवार दोपहर हुआ। इस दुर्घटना में हरियाणा रोडवेज की बस और दो कारें आपस में टकरा गईं। राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री या चालक को चोट नहीं आई। हालांकि तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार चालक ने पानी पीने के लिए अपनी कार सड़क के बीच में रोक दी थी। अचानक वाहन रुकने से पीछे आ रही कार ने टक्कर से बचने के लिए ब्रेक लगाए। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस समय पर नहीं रुक सकी और कार से टकरा गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से हाईवे पर लापरवाही से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।
Source: Source