हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक घर से करीब 11.14 लाख रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने AC लगाने आए दो टेक्नीशियनों पर चोरी का शक जताया है। परिवार का आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने घर में काम के दौरान रेकी की और बाद में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित सवीन ने बताया कि घर से सोने का हार, मंगलसूत्र, चेन, कड़े, अंगूठियां और कानों के टॉप्स चोरी हुए हैं। चोरी हुए गहनों का वजन करीब 13 से 14 तोले बताया गया है। इसके अलावा घर से 14,500 रुपये की नकदी भी गायब मिली। परिवार को 14 जुलाई को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध टेक्नीशियनों से पूछताछ और उनकी तलाश कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Source: Source