जालंधर के गोराया क्षेत्र में सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ट्रक और एक्टिवा स्कूटी की टक्कर के कारण हुआ। घटना के समय बच्ची अपनी मां और भाई के साथ स्कूटी पर सवार थी। परिवार गांव पतारा से लुधियाना की ओर जा रहा था। बताया गया कि ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में बच्ची निताशा की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी मां वंदना भी घायल हो गईं। सड़क सुरक्षा बल की टीम सूचना मिलने के बाद तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची के शव को पुलिस की मौजूदगी में सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source: Source