भारत और चीन के बीच ऐतिहासिक शिपकी ला सीमा व्यापार 1 अगस्त से दोबारा शुरू होने जा रहा है। कोविड-19 महामारी के कारण यह व्यापार वर्ष 2019 से बंद था। किन्नौर के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने व्यापार गतिविधि फिर शुरू होने की पुष्टि की है। लंबे अंतराल के बाद व्यापार बहाल होने से सीमावर्ती क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2026 के व्यापार सत्र का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे। इस अवसर पर छुप्पन में 2.58 करोड़ रुपये की लागत से बने ट्रेडमार्ट का उद्घाटन भी किया जाएगा। व्यापारियों के ट्रेड पास वितरण और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शुरुआती चरण में करीब 15 से 17 भारतीय व्यापारी तिब्बत की ओर जाएंगे। व्यापारियों को सुरक्षा नियमों के तहत 72 घंटे के भीतर वापस लौटना होगा। समझौते के तहत भारत से 36 वस्तुओं का निर्यात और तिब्बत से 20 वस्तुओं का आयात किया जाएगा। फिलहाल क्वारंटीन सेंटर की सुविधा नहीं होने के कारण जीवित पशुओं का व्यापार शुरू नहीं होगा। प्रशासन ने भविष्य में पशु व्यापार बहाल करने के लिए योजना के तहत प्रस्ताव भेजा है।
Source: Source