हरियाणा के रेवाड़ी में कांग्रेस ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक चिरंजीव राव बाल भवन के गेट के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त ग्रीवेंस मीटिंग छोड़कर ज्ञापन लेने पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वहां से चले गए। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता ज्ञापन देने जिला सचिवालय पहुंचे थे, लेकिन डीसी के बैठक में होने के कारण वे बाल भवन पहुंच गए। चिरंजीव राव ने केंद्र सरकार पर युवाओं के मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने NEET विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं की आवाज उठाती रहेगी। वहीं, हरियाणा के पीडब्ल्यूडी और जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना साधा। गंगवा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद अराजकता फैलाने के बहाने तलाश रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source