अंबिकापुर के गंगापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर से तीन अपचारी बालक फरार हो गए। घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब उन्हें योगा क्लास के लिए बाहर लाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान तीनों बालक टॉयलेट में गए और रोशनदान की ग्रिल तोड़कर भाग निकले। फरार बालकों में दो कोरिया जिले और एक बलरामपुर जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस और प्रशासन ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोरिया के दो बालकों पर महिला जज के बंगले में चोरी का मामला दर्ज था। वहीं एक बालक पहले भी कई मामलों में शामिल रह चुका है। बताया गया कि वह इससे पहले आठ बार प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर आ चुका है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों ने फरार बालकों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
Source: Source