फरीदाबाद जिला प्रशासन 25 जुलाई को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ महोत्सव का आयोजन करेगा। यह जिला स्तरीय कार्यक्रम सत्ययुग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी MY भारत फरीदाबाद को सौंपी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। महोत्सव में युवाओं को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प दिलाया जाएगा। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस कार्यक्रम में भाग ले सकेंगे। युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए डांस, म्यूजिक, पेंटिंग, भाषण और रील मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक युवा MY भारत पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशासन ने कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और युवा संगठनों से अभियान में भाग लेने की अपील की है।
Source: Source