हरियाणा के सोनीपत स्थित मुरथल जीटी रोड पर वाहन चालकों को निशाना बनाने वाला गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। बीकानेर होटल के बाहर नोएडा के एक कारोबारी की ऑडी कार का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात हुई। कारोबारी हेमंत गुप्ता नाश्ता करने के लिए होटल गए थे, इसी दौरान बदमाशों ने कार को निशाना बनाया। चोर कार से करीब 1.17 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान में लैपटॉप, नकदी, बैंक कार्ड और जरूरी दस्तावेज शामिल थे। पूरी घटना होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दो युवक बाइक से आते और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और पेशेवर तरीके से चोरी कर रहे हैं। मुरथल इलाके में ढाबों और होटलों के बाहर ऐसी दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
Source: Source