लुधियाना में टोयोटा ग्लैंजा कार की लगातार खराबी से परेशान एक वरिष्ठ नागरिक ने कंपनी के खिलाफ शिकायत की है। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के पूर्व डायरेक्टर डॉ. सुखदेव राय शर्मा का कहना है कि करीब 10 लाख रुपये में खरीदी गई कार अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में वाहन में कई गंभीर खराबियां आईं। कार के पार्ट्स बदलवाने में वह करीब 4 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई। खराब कार के कारण उन्हें घर से शोरूम और वर्कशॉप तक जाने के लिए रोजाना टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि टैक्सी किराए में अब तक करीब 50 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं। डॉ. शर्मा के अनुसार उन्हें कार को वर्कशॉप के 100 से ज्यादा चक्कर लगाने पड़े हैं। उन्होंने कंपनी पर खराब गुणवत्ता और सेवा में कमी का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद आईजेएम टोयोटा के जीएम ने मामले की जानकारी लेकर समाधान कराने की बात कही है। डॉ. शर्मा ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री और भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। मामले में कंपनी की ओर से जांच के बाद समाधान का आश्वासन दिया गया है।
Source: Source