लुधियाना के थाना जमालपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार टिप्पर की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। हादसा 100 फुटी रोड पर हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी कार को टिप्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार कार सवार युवक टायर बदलने के लिए वाहन को किनारे खड़ा कर रहे थे। पीड़ित नरिंदर कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ गांव धनानसू से लौट रहा था। रास्ते में कार का टायर फट गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क किनारे वाहन रोक लिया। इसी दौरान धनानसू की ओर से आ रहे टिप्पर चालक बलवीर सिंह ने कथित तौर पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मार दी। हादसे में नरिंदर और उसके साथियों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर से कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
Source: Source