छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 36 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 92 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में लंबे समय से एएसपी पद पर कार्यरत कई वरिष्ठ अधिकारियों को स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। इन अधिकारियों को पुलिस ट्रेनिंग स्कूलों और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की बटालियनों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासनिक हलकों में इसे भविष्य की पदोन्नति और जिला पुलिस कप्तानी की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इनमें से कई अधिकारियों को एसपी स्तर की जिम्मेदारी मिल सकती है। इस फेरबदल में बस्तर क्षेत्र से कई अधिकारियों को मैदानी इलाकों में नई पोस्टिंग दी गई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवाएं दे चुके अधिकारियों को अनुभव के आधार पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। पुलिस विभाग में अब बस्तर की पोस्टिंग को पहले की तरह दंडात्मक नहीं बल्कि महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। बस्तर में तैनात 10 एएसपी और 26 डीएसपी को अन्य क्षेत्रों में भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सल मोर्चे पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां देना विभागीय संतुलन का हिस्सा है।
Source: Source