अमृतसर जिले में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची में बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में अब तक करीब 5500 डबल वोट मिलने की जानकारी सामने आई है। कई मामलों में ट्रिपल वोट भी दर्ज पाए गए हैं। जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। सबसे चौंकाने वाला मामला सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 51 और 52 में सामने आया है। यहां कई बूथों पर 30 से 50 तक डुप्लीकेट वोट पाए गए हैं। एक युवती का नाम सात अलग-अलग बूथों की मतदाता सूचियों में दर्ज मिला है। वहीं एक राजनीतिक नेता के नाम पर भी तीन जगह वोट दर्ज होने की बात सामने आई है। चुनाव कार्यालय ने कहा है कि एक व्यक्ति की केवल एक वोट रखी जाएगी और बाकी रिकॉर्ड हटाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि पुराने पते और नए पते के कारण भी कई मतदाताओं की मैपिंग लंबित है। शादी के बाद स्थान बदलने वाली महिलाओं और पूर्व सैनिकों के मामलों में अलग प्रक्रिया अपनाई जा रही है। चुनाव अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोहरी वोट की जानकारी छिपाने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। SIR अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
Source: Source