छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के चंदनू थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां 50 वर्षीय दुकलिहिन बाई बंजारे की निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले गांव के ही 42 वर्षीय आदतन अपराधी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 6 जुलाई की रात आरोपी ने महिला के घर में अकेले होने का फायदा उठाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला द्वारा कड़ा विरोध किए जाने पर आरोपी ने फावड़े के बेंट (लकड़ी) से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी ने मृतका के शव के साथ दुष्कर्म (रेप) जैसी घिनौनी हरकत की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से घर में रखी आरी से शव के हाथ-पैर काटकर टुकड़े-टुकड़े कर दिए। उसने शव के हिस्सों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर अगली रात शिवनाथ नदी में फेंक दिया और घर से ₹2500 की नकदी भी लूट ली। महिला के लापता होने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद 9 जुलाई को नदी किनारे साड़ी में बंधी हुई सड़ी-गली गठरियां बरामद हुईं। पुलिस ने ड्रोन, डॉग स्क्वॉड, नाव और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर आरोपी को दबोचा, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी रामप्रसाद वर्ष 2017 में भी गांव की एक अन्य महिला की हत्या के मामले में जेल की सजा काट चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल आरी, फावड़ा और लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा बरामद कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
Source: Source