मोगा जिले में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण-2026 के तहत 19 जुलाई को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। ये कैंप जिले के सभी पोलिंग बूथों पर लगाए जाएंगे। मतदाता सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपने गणना प्रपत्र जमा कर सकेंगे। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है। जिन लोगों ने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, उनके लिए यह विशेष सुविधा दी गई है। जिला चुनाव अधिकारी और डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने लोगों से कैंप में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कई बीएलओ डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने के बाद अन्य कर्मचारियों की मदद करेंगे। घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया 25 जून से शुरू हुई थी और 3 अगस्त तक चलेगी। मतदाता सूची का प्रारूप 13 अगस्त को जारी किया जाएगा। इसके बाद 13 अगस्त से 12 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी। प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
Source: Source