हरियाणा के नूंह जिले में तावडू CIA पुलिस ने अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की बाइक बेचने की कोशिश में तावडू आ रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तावडू-भिवाड़ी रोड पर नाकाबंदी की थी। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों की पहचान राजस्थान के खैरथल निवासी मोनू और उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी गौतम के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर मोनू के पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सके। पुलिस जांच में मोटरसाइकिल भी चोरी की पाई गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
Source: Source