गुरुग्राम के सोहना रोड पर तेज रफ्तार ब्लैक थार ने एक परिवार की कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चड्ढा परिवार सुबह देवीलाल पार्क घूमने के लिए घर से निकला था। रास्ते में सोहना चौक के पास चाय पीने के बाद जब वे कार से आगे बढ़े, तभी हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार की रफ्तार बहुत तेज थी और टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना में दीवांश चड्ढा, याशिका चड्ढा, लवी चड्ढा और मीनाक्षी चड्ढा घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि थार में सवार युवक शराब के नशे में थे। टक्कर के बाद थार भी पलट गई और उसमें सवार तीन युवकों में से दो मौके से फरार हो गए। भीड़ ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल टेस्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Source: Source