छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान नकल करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायपुर पुलिस ने परीक्षा केंद्र में अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए एक शातिर अभ्यर्थी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक परीक्षा केंद्र की सुरक्षा को चकमा देकर अपने अंडरगारमेंट में मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था। वह कंप्यूटर स्क्रीन पर आ रहे परीक्षा के प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था, तभी आब्जर्वर की नजर उस पर पड़ गई। डी.डी. नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। यह घटना 15 जुलाई 2026 को सरोना स्थित आईडीजेड परीक्षा केंद्र में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली के दौरान हुई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने सुरक्षा जांच से बचने के लिए डबल अंडरगारमेंट के अंदर फोन छिपाया था। जब्त मोबाइल की जांच करने पर उसमें परीक्षा के लाइव प्रश्नों की तस्वीरें मिली हैं, जो कंप्यूटर स्क्रीन से मेल खाती हैं। पुलिस ने आरोपी की पहचान नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी 28 वर्षीय आफताब के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी के पास से सैमसंग मोबाइल, प्रवेश पत्र और पहचान दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source