महादेव सट्टा ऐप और स्काई एक्सचेंज से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट ने उन्हें 24 जुलाई तक 10 दिन की ED रिमांड पर भेजा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सट्टे से कमाए गए धन को शेल कंपनियों और विदेशी निवेश माध्यमों के जरिए घुमाया गया। ED के अनुसार, इस पैसे का इस्तेमाल अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी EBIX Inc. खरीदने में किया गया। एजेंसी का दावा है कि करीब 1175 करोड़ रुपये में EBIX की हिस्सेदारी खरीदी गई थी। जांच में दुबई, मॉरीशस, अमेरिका और ब्रिटेन से जुड़े निवेश नेटवर्क की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। ED का आरोप है कि विदेशी कंपनियों के जरिए भारत में अवैध धन को निवेश के रूप में दिखाया गया। एजेंसी ने 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच करने की जानकारी दी है। विकास गर्ग पर हरीशंकर टिंबरेवाल से जुड़े नेटवर्क के जरिए धन के लेनदेन का आरोप लगाया गया है। ED अब मनी ट्रेल, विदेशी निवेश और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
Source: Source