दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने मानसून के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधुनिक वाटर लेवल मॉनीटरिंग सिस्टम लागू किया है। इस सेंसर आधारित प्रणाली को 12 रेलवे पुलों पर लगाया गया है। यह सिस्टम 24 घंटे रियल टाइम में नदियों के जलस्तर की निगरानी कर रहा है। जलस्तर खतरे या चेतावनी के स्तर तक पहुंचने पर अधिकारियों के मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट भेजा जाएगा। इससे समय रहते सुरक्षा उपाय लागू करने में मदद मिलेगी। पहले पुलों पर जलस्तर की जांच मैनुअल मीटर गेज प्रणाली से की जाती थी। इस प्रक्रिया में सूचना मिलने में देरी और गलती की संभावना रहती थी। नई तकनीक सेंसर के माध्यम से जलस्तर में होने वाले बदलाव को तुरंत दर्ज करती है। सिस्टम को ट्रैक मैनेजमेंट सिस्टम से भी जोड़ा गया है। इससे रेलवे अधिकारी असामान्य स्थिति की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। सहायक मंडल अभियंता और रेल पथ निरीक्षक समेत अधिकृत अधिकारियों के मोबाइल नंबर सिस्टम में पंजीकृत किए गए हैं। इस पहल से बाढ़ के समय सुरक्षित रेल संचालन में मदद मिलने की उम्मीद है।
Source: Source