छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में शनिवार को मालगाड़ी का एक वैगन अचानक पटरी से उतर गया। हादसा रेलवे स्टेशन के पास शंकर नगर आरओबी के नीचे डाउन लाइन पर हुआ। घटना के समय मालगाड़ी धीमी गति से चल रही थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। वैगन के बेपटरी होते ही रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। इंजीनियरिंग और ऑपरेशन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया। प्रभावित ट्रैक को सुरक्षित कर रेल यातायात बहाल करने के प्रयास किए गए। हादसे के कारण कुछ ट्रेनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी। रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए ट्रेनों का संचालन जारी रखा। वैगन के पटरी से उतरने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच में ट्रैक, पहियों, सस्पेंशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटना राहत टीम बेपटरी हुए वैगन को हटाने और ट्रैक दुरुस्त करने में जुटी रही। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद सामान्य गति से ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।
Source: Source