पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अमृतसर में मोबाइल हेल्थ केयर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा भारतीय विद्या भवन द्वारा ‘भवन्स हेल्थ केयर सेंटर ऑन व्हील्स’ के तहत शुरू की गई है। मोबाइल स्वास्थ्य बस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच और दंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी। राज्यपाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिनकी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच सीमित है। उन्होंने निस्वार्थ सेवा को सच्ची समाज सेवा बताया। राज्यपाल ने भारतीय विद्या भवन के शिक्षा और सामाजिक सेवा क्षेत्र में योगदान की सराहना की। इससे पहले उन्होंने वरिष्ठ नागरिक गृह और मानसिक दिव्यांगता केंद्र का निरीक्षण भी किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के लिए शहर में तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर तय समय के अनुसार सुबह से दोपहर तक निशुल्क जांच और दंत चिकित्सा सेवाएं दी जाएंगी। भारतीय विद्या भवन अजनाला क्षेत्र में बाढ़ से क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के पुनर्निर्माण का कार्य भी करवा रहा है। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Source: Source