हरियाणा के नारनौल में नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी गोपाल सोनी उर्फ मटरू ने आरोप लगाया है कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को शिकायत देने और वीडियो सबूत देने के कारण उस पर परिवार के सदस्यों ने चाकुओं से हमला कर दिया। गोपाल ने बताया कि उसने सीआईए को करीब 200 वीडियो दिए थे, जिसके आधार पर हाल ही में मनोज नामक व्यक्ति को 13 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष ने घर में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज की और गली में ले जाकर चाकू से हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान चाकू उसके हाथ में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि धमकियां मिलने के बाद जब वह पुलिस के पास गया था, तो उसे सुरक्षा देने के बजाय मकान बदलने की सलाह दी गई। इस घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल गोपाल को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
Source: Source