सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के अहमदपुर दारेवाला गांव में एक ढाणी से लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में खेत में बनी ढाणी की पिछली दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। चोर सीधे उस कमरे में गए जहां कीमती सामान रखा था और एक लोहे का संदूक चोरी कर ले गए। घटना के समय घर के सदस्य पास के आंगन में सो रहे थे, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। चोरी हुए सामान में चार तोले सोने के गहने और आधा किलो चांदी के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चोरों ने 60 हजार रुपए की नकदी और 90 हजार रुपए की एफडी भी उड़ा ली। चोरी की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है। सुबह जब परिवार को सामान गायब होने का पता चला तो हड़कंप मच गया। खेत में चोरों के नंगे पैरों के निशान भी देखे गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और संदिग्ध रास्तों की जांच की। पुलिस और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने सुराग जुटाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इस मामले में कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।
Source: Source