करनाल में ‘नशा मुक्त प्रदेश’ अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की कुरुक्षेत्र यूनिट ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मेरठ रोड स्थित रविदास चौक के पास नाकाबंदी कर दो नशा तस्करों को 12.53 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू और इंतजार के रूप में हुई है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। पुलिस ने तस्करों के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस कार्रवाई को ब्यूरो प्रमुख एवं एडीजी संजय कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अंजाम दिया गया। थाना सेक्टर 32-33 में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन पूछताछ कर रही है। यूनिट प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी टोल-फ्री नंबर 1933 या हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर दें। मुखबिर की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Source: Source