गुरुग्राम पुलिस ने चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जो साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। आरोपियों की पहचान अजीत कुमार शाह (बलिया), प्रदुम (आजमगढ़) और विनय (सुल्तानपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन लोगों ने अपने [Aadhaar Redacted] में पता बदलवाकर अलग-अलग बैंकों में 10 से अधिक खाते खुलवा रखे थे। ये आरोपी प्रति बैंक खाता 5,000 रुपये का कमीशन लेकर साइबर ठगों को चेक बुक, पासबुक और एटीएम कार्ड मुहैया कराते थे। पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल, 5 पासबुक, 16 चेक बुक और 18 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। साइबर क्राइम पोर्टल पर जांच करने पर इन खातों और मोबाइल नंबरों से जुड़ी तीन शिकायतें पहले से दर्ज पाई गई हैं। एसीपी (साइबर) गौरव फोगाट ने बताया कि आरोपियों को डूंडाहेड़ा से पकड़ा गया है और उनके पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब इन खातों के जरिए हुए लेनदेन और इसमें शामिल अन्य मास्टरमाइंडों का पता लगाने में जुटी है।
Source: Source