बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंगालपारा गांव में मंगलवार को एक 50 वर्षीय ग्रामीण की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हुंगा मुचाकी के रूप में हुई है, जिसकी अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही उसूर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। हत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। यह इलाका पहले से ही माओवाद प्रभावित रहा है, जिसके कारण पुलिस सुरक्षा और नक्सली गतिविधियों के दृष्टिकोण से भी मामले को देख रही है। घटनास्थल कर्रेगुट्टा की पहाड़ी के समीप स्थित है, जहां पहले भी माओवादियों का प्रभाव रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस की जांच टीमें आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही हैं।
Source: Source