भीषण गर्मी के बीच हिसार के प्रभुवाला गांव में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने अवैध पानी कनेक्शनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। जेई अनिल कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गांव का दौरा कर कई अवैध जल कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने कई लोगों को पेयजल से अपने वाहन धोते और पानी की बर्बादी करते हुए पकड़ा। ऐसे लोगों को विभाग की ओर से सख्त नोटिस जारी किए गए हैं और भविष्य के लिए चेतावनी भी दी गई है। टीम ने गलियों में पानी बहाने और टंकियों को ओवरफ्लो छोड़ने वाले उपभोक्ताओं को भी हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पेयजल की बर्बादी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव के हर घर तक समान रूप से पानी पहुंचाना है। अवैध कनेक्शनों और बर्बादी के कारण अक्सर गांव के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ती है। सरपंच और विभाग के अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। जलापूर्ति की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यह विशेष कदम उठाया गया है।
Source: Source