हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना स्थित वजीर देवी कॉलोनी में पेयजल और बिजली की समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। पीने के पानी के लिए लोगों को बाहर से पानी खरीदना या अन्य स्थानों से लाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लगातार बिजली कटौती से भी लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच रातभर बिजली गुल रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। नागरिकों का कहना है कि दिन में कुछ समय के लिए बिजली आती है, लेकिन फिर आपूर्ति बाधित हो जाती है। लोगों ने जिला प्रशासन से पेयजल और बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संबंधित विभागों के कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
Source: Source