फरीदाबाद जिले के सुरूरपुर गांव में रविवार सुबह एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर खड़ी कई पुरानी बाइकें, एक नई बाइक, एक स्कूटी और रिपेयरिंग से जुड़ा पूरा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान संचालक अर्जुन सैनी को पड़ोसी दुकानदारों ने सुबह धुआं निकलने की सूचना दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, आग तेज हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दुकान मालिक ने बताया कि आग में लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फायर विभाग के अनुसार भी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
Source: Source