नारनौल पहुंचीं हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया है। इस दौरान उन्होंने नारी वंदन अधिनियम को तुरंत लागू करने की मांग पर जोर दिया। पर्ल चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण का वादा कर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। इस मांग को लेकर महिला कांग्रेस देशभर में प्रधानमंत्री को 10 लाख पोस्टकार्ड भेजने का अभियान चलाएगी। इन पोस्टकार्डों के जरिए आरक्षण में ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी मांग की जाएगी। साथ ही पार्टी ने देशव्यापी मिस्ड कॉल अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने मेवात और कुरुक्षेत्र की घटनाओं का जिक्र कर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और कांग्रेस हर स्तर पर उनके अधिकारों के लिए लड़ेगी। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में उन्होंने महिलाओं को राजनीति में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वे राज्य में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर संघर्ष जारी रखेंगी।
Source: Source